आजमगढ़ में सड़क हादसे के बाद बवाल, चालक गिरफ्तार:पुलिस पर पथराव और धक्का-मुक्की में 10 नामजद समेत 70 लोगों पर मुकदमा

आजमगढ़ में सड़क हादसे के बाद बवाल, चालक गिरफ्तार:पुलिस पर पथराव और धक्का-मुक्की में 10 नामजद समेत 70 लोगों पर मुकदमा

आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार गांव में सड़क दुर्घटना के बाद चक्का जाम, पथराव और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। दुर्घटना करने वाले इडिका कार के चालक हिमांशु सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। वहीं, सड़क जाम कर हंगामा करने और पुलिस बल पर पथराव करने के आरोप में 10 नामजद समेत 60 से 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कार की टक्कर से पति-पत्नी घायल
11 अक्टूबर 2026 को मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार गांव में इडिका चार पहिया वाहन की टक्कर से मुन्नीलाल पुत्र बरखू घायल हो गए थे, जबकि उनकी पत्नी सुमन देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। मामले में विपिन कुमार की तहरीर पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुबारकपुर पुलिस ने 15 अक्टूबर को आरोपी चालक हिमांशु सिंह (28) पुत्र अरुण कुमार सिंह, निवासी गुजरपार, थाना मुबारकपुर, को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया। हादसे के बाद सड़क जाम कर किया हंगामा
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को दुर्घटना के विरोध में कुछ लोगों ने गुजरपार बाजार चौराहे पर मुबारकपुर-जीयनपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक नौशाद अहमद और पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शुरू कर दी तथा ईंट-पत्थर चलाए। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एंबुलेंस, रोडवेज बसों, ट्रकों सहित आम वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर मुबारकपुर थाना प्रभारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया। 10 नामजद समेत 60-70 अज्ञात लोगों पर मुकदमा
उपनिरीक्षक नौशाद अहमद की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में मुअसं 369/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और सात सीएलए एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में हरिकेश पुत्र निहोर, प्रकाश पुत्र बेचन, गोविन्द पुत्र स्वर्गीय सोहित, विजय पुत्र शंकर, सुनील राम पुत्र बालचन्द, अनिल राम पुत्र बालचन्द, इन्द्रदेव राम पुत्र निर्मल, रामचन्दर पुत्र बेचन, नागेन्द्र यादव पुत्र स्वर्गीय रामबदन यादव तथा सूबेदार पुत्र लालधर शामिल हैं। सभी आरोपी गुजरपार गांव के निवासी बताए गए हैं। इनके अलावा 60 से 70 अज्ञात लोगों को भी मुकदमे में शामिल किया गया है। अज्ञात आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटना के मामले में गिरफ्तार चालक को न्यायालय भेज दिया गया है। वहीं, सड़क जाम, पथराव और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की के मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विवेक सिंह कर रहे हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *