मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह सोमवार सुबह दतिया पहुंचे। पीतांबरा पीठ के दर्शन के बाद उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों, महिला वार्ड और ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाएं देखीं। अध्यक्ष ने मरीजों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कुछ कमियां भी सामने आईं, जिन्हें तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए। बेडशीट और साफ-सफाई में मिली कमी निरीक्षण के दौरान कहीं बेडशीट उपलब्ध नहीं मिली तो कुछ जगह साफ-सफाई व्यवस्था भी अपेक्षित स्तर की नहीं थी। एक मरीज ने दवाएं समय पर नहीं मिलने की बात बताई। इस पर अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद सिविल सर्जन और सीएमएचओ को अस्पताल की व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। इलाज और दवाएं समय पर मिलें अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि नागरिकों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं में स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण है। मरीजों को इलाज, दवाएं और साफ-सफाई जैसी सुविधाएं हर स्थिति में समय पर मिलनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन को अस्पताल की व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। मरीजों की बढ़ती संख्या को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश अध्यक्ष ने कहा कि मौसम में मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं समेत सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्थाओं में सुधार बनाए रखने के निर्देश दिए। भाजपा नेता के घर पहुंचे जिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद अवधेश प्रताप सिंह युवा भाजपा नेता संघर्ष यादव के निवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने भोजन किया और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। वह जन्माष्टमी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदरगढ़ जा रहे थे, इसी दौरान दतिया पहुंचे।

