तीन घंटे तेज बारिश से धान को मिली संजीवनी

तीन घंटे तेज बारिश से धान को मिली संजीवनी

सावन में रूठे इंद्रदेव भादो माह में आखिरकार मेहरबान हो गए। पोला पर्व के दिन तीन घंटे की झमाझम बारिश ने जिले के किसानों को बड़ी राहत दी है। शाम 5 बजे शुरू हुई बारिश 7 बजे तक होती रही। इसके बाद देर रात तक रुक-रुक कर बौछारें पड़ती रहीं। यह भादो माह की पहली तेज बारिश है, जिसे कृषि विशेषज्ञ धान की फसल के लिए संजीवनी बता रहे हैं।

पर्व की खुशी हो गई दोगुनी

पिछले 15 दिनों से जिले में बारिश का दौर थमा हुआ था। खेतों में दरारें पड़ने लगी थीं और धान की फसल पीली पड़ने लगी थी। किसान टकटकी लगाकर आसमान की ओर देख रहे थे। पोला के दिन हुई इस बारिश ने न सिर्फ फसलों को जीवनदान दिया बल्कि त्योहार की खुशी को दोगुना कर दिया।

यह भी पढ़ें :

कहीं जेल, कहीं जमीन… हर तरफ ठगी

जलाशयों में तेजी से बढ़ा जलस्तर

तेज बारिश का सीधा असर जिले के जलाशयों पर भी पड़ा है। सभी छोटे-बड़े जलाशयों में तेजी से जलभराव हो रहा है। जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार मटियामोती जलाशय 100 प्रतिशत भर चुका है और ओवरफ्लो की स्थिति में है।

तेज बारिश का सीधा असर जिले के जलाशयों पर भी पड़ा है। सभी छोटे-बड़े जलाशयों में तेजी से जलभराव हो रहा है।
तेज बारिश का सीधा असर जिले के जलाशयों पर भी पड़ा है। सभी छोटे-बड़े जलाशयों में तेजी से जलभराव हो रहा है।

अन्य बड़े जलाशयों की स्थिति

तांदुला जलाशय 83 प्रतिशत, खरखरा 84.57 प्रतिशत और गोंदली 76.38 प्रतिशत भर चुका है। लगातार हो रही आवक को देखते हुए जलस्तर और बढऩे की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें :

तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप में टक्कर, स्टेयरिंग में फंसा चालक

किसानों की मांग पर खोले गए गेट

पिछले सप्ताह किसानों ने सिंचाई के लिए जलाशयों से पानी छोडऩे की मांग की थी। इसे देखते हुए सिंचाई विभाग ने तांदुला, खरखरा और गोंदली जलाशय के गेट खोल दिए हैं। सिंचाई विभाग के कार्यपालन अभियंता पीयूष देवांगन ने बताया कि किसानों की मांग के अनुसार नहरों में पानी छोड़ा जा रहा है। जरूरत पडऩे पर पानी की मात्रा बढ़ाई या घटाई जाएगी।

इस सीजन 930.6 मिमी औसत बारिश

इस मानसून सीजन में जिले में अब तक औसत 930.6 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो पिछले साल की तुलना में बेहतर मानी जा रही है। ब्लॉकवार बारिश के आंकड़े देखें तो स्थिति काफी अच्छी है। सबसे ज्यादा बारिश मार्री-बंगला-देवरी ब्लॉक में 1075.9 मिमी दर्ज की गई है। डौंडीलोहारा में 1017.8 मिमी बारिश हुई है। अर्जुंदा में 943.3 मिमी, बालोद ब्लॉक में 919.1 मिमी, गुंडरदेही में 912.2 मिमी, गुरुर में 872.3 मिमी और डौंडी में 773.9 मिमी बारिश दर्ज हुई है।

हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 3 से 4 दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे धान के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों को भी फायदा होगा।

धान में दाना भरने का समय

बारिश के बाद किसानों के चेहरे पर संतोष दिख रहा है। गुंडरदेही के किसान रामकुमार साहू ने बताया कि धान में दाना भरने का समय है, ऐसे में यह बारिश बहुत जरूरी थी। एक सप्ताह और बारिश नहीं होती तो फसल को नुकसान होता। अब फसल सुधर जाएगी।

खेत में पानी रोककर रखें

पोला पर्व पर हुई बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह है। कृषि विभाग ने भी किसानों को सलाह दी है कि इस समय खेत में पानी रोककर रखें और कीट-रोग पर नजर रखें।

किसानों की मांग पर जलाशयों के गेट खोले गए

सिंचाई विभाग के ईई पीयूष देवांगन ने कहा कि तीनों बड़े जलाशयों के गेट किसानों की मांग पर खोले गए हैं। जरूरत के हिसाब से पानी की मात्रा बढ़ाई या घटाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *