तरनतारन में जंडियाला बाईपास चौक स्थित स्कूल के बच्चों ने अपने हाथों से रंग-बिरंगे दीये सजाए और कपड़े तैयार किए। इनकी बिक्री के लिए जिला कोर्ट परिसर में स्टॉल लगाया गया। इसका उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर देना था। स्टॉल पर पहुंचने वाले लोगों ने भी बच्चों के बनाए सामान में रुचि दिखाई और खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार ने स्टॉल का उद्घाटन किया। उन्होंने खुद भी सामान खरीदा और बच्चों की मेहनत की सराहना की। इस दौरान अन्य न्यायिक अधिकारियों और अदालत कर्मचारियों ने भी दीये व कपड़े खरीदे। स्कूल की डायरेक्टर मिस अमनप्रीत कौर के नेतृत्व में यह पहल की गई। ‘बच्चों ने लगन से सुंदर दीये तैयार किए’ जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी के चेयरमैन राजेश कुमार ने कहा कि बच्चों ने लगन से सुंदर दीये तैयार किए हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजनों से दिव्यांग बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे हमेशा बच्चों का सहयोग करते रहेंगे। साथ ही लोगों से अपील की कि वे इनके हुनर का सम्मान करें और ऐसे प्रयासों में सहयोग दें। मुफ्त कानूनी सहायता के लिए नंबर जारी इस मौके पर जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी की सचिव किरण ज्योति ने लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानूनी सहायता से जुड़ी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 15100 और जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, तरनतारन के नंबर 01852-223291 पर संपर्क किया जा सकता है।

