डूंगरपुर में कांग्रेस ने आचार संहिता उल्लंघन का लगाया आरोप:निकाय चुनाव के बीच विकास कार्यों को लेकर निर्वाचन अधिकारी से की शिकायत

डूंगरपुर में कांग्रेस ने आचार संहिता उल्लंघन का लगाया आरोप:निकाय चुनाव के बीच विकास कार्यों को लेकर निर्वाचन अधिकारी से की शिकायत

डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव के बीच कांग्रेस पार्टी ने शहर में आचार संहिता के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। इस मामले में जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत देकर नगर परिषद क्षेत्र में आचार संहिता के दौरान नियम विरुद्ध कराए जा रहे विकास कार्यों की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष और डूंगरपुर विधायक गणेश घोगरा की अगुवाई में पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, पीसीसी प्रदेश प्रवक्ता डॉ. शंकर यादव समेत कई कांग्रेसी नेता कलेक्ट्रेट पर इकट्ठा हुए। उन्होंने डूंगरपुर नगर परिषद क्षेत्र में आचार संहिता के बाद भी शहर में किए जा रहे विकास कार्यों के खिलाफ प्रदर्शन किया। कई वार्डों में करवाए जा रहे विकास कार्य
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. शंकर यादव ने आरोप लगाया कि नगर परिषद क्षेत्र में अभी आदर्श आचार संहिता लागू है। इसके बाद भी नगर परिषद द्वारा शहर के अलग-अलग वार्डों और इलाकों में अचानक नए निर्माण काम, सड़क निर्माण, जेसीबी मशीनों से सफाई और दूसरे विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि इन कामों के दौरान संबंधित भाजपा प्रत्याशी मौके पर मौजूद रहकर अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दे रहे हैं। वे अपनी देखरेख और निर्देशन में काम करवा रहे हैं। इससे साफ लगता है कि सरकारी मशीनरी और नगर परिषद के संसाधनों का चुनावी फायदा लेने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी से की शिकायत
कांग्रेस पार्टी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की है। उन्होंने मांग की है कि आचार संहिता के दौरान नगर परिषद द्वारा शुरू किए गए सभी नए निर्माण, सड़क निर्माण और सफाई कार्यों की जांच की जाए। साथ ही, यह भी देखा जाए कि संबंधित काम कब मंजूर हुए थे, कब से प्रस्तावित थे और आचार संहिता लागू होने के बाद क्यों शुरू किए गए। कांग्रेस ने यह भी मांग की है कि अगर आचार संहिता का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित भाजपा प्रत्याशी, नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमों के हिसाब से सख्त कार्रवाई की जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *