टोंक में जिला स्पेशल टीम (DST) ने मंगलवार को नशे के खिलाफ दो थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। टीम ने डिग्गी थाना क्षेत्र में करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत की 7.50 ग्राम स्मैक जब्त की। वहीं, कोतवाली थाना क्षेत्र में एक मकान से गांजे के पांच पौधे बरामद किए। पुलिस ने स्मैक के साथ नकदी, इलेक्ट्रिक कांटा, मोबाइल और बाइक भी जब्त की है। DST प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया – मंगलवार को डिग्गी और कोतवाली थाना क्षेत्रों में नशे के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों जगह से नशीले पदार्थ बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। डिग्गी के कलमंडा में स्मैक और तस्करी का सामान जब्त चौधरी ने बताया कि DST टीम ने डिग्गी थाना क्षेत्र के कलमंडा में कार्रवाई करते हुए टोंक कोतवाली थाना क्षेत्र के बहीर निवासी आमिर उर्फ इम्मू (25) पुत्र शाहजादा को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से करीब 7.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई गई है। टीम ने उसके पास से 3,400 रुपए नकद, इलेक्ट्रिक कांटा, मोबाइल और बाइक भी जब्त की है। मकान से गांजे के पांच पौधे बरामद दूसरी कार्रवाई टोंक कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई। यहां DST टीम ने एक मकान पर छापा मारकर गांजे के पांच पौधे जब्त किए। पुलिस ने सिवाली, मछली मार्केट निवासी अब्दुल वली खान (19) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से बरामद गांजे के पांच पौधों का कुल वजन 1.700 किलो बताया गया है।

