मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के माइलस्टोन 101 के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक वृद्ध की मौत हो गई। भीम अंडरपास के नीचे सड़क पर शव पड़ा देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मांट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान हरियाणा के होडल क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर भीम अंडरपास के नीचे माइलस्टोन 101 के पास एक वृद्ध का शव सड़क पर पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर थाना मांट पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि एक्सप्रेसवे से गुजर रहे किसी अज्ञात वाहन ने वृद्ध को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थाना मांट के प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान विजेंद्र पुत्र चुंगी, निवासी लाड़ियाका, थाना होडल, हरियाणा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी उनके बेटे को दे दी गई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, मृतक के बेटे साहिल ने बताया कि उनके पिता तीन दिन पहले धार्मिक यात्रा पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन शोक में डूब गए। पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

