झालावाड़ में पर्यावरण बचाने और हरियाली बढ़ाने के मकसद से एक कार्यक्रम हुआ। भारत विकास परिषद झाला रानी शाखा ने मुंडेरी क्षेत्र के एक निजी रिसोर्ट के फॉरेस्ट एरिया में पौधारोपण और सीड बॉल्स का कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने का संकल्प लिया गया। इस फॉरेस्ट एरिया में करीब 3 हजार से 5 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। शाखा अध्यक्ष अर्चना मालपानी ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा सिर्फ किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। इसी मकसद को ध्यान में रखते हुए पौधारोपण के साथ-साथ सीड बॉल्स के जरिए भी हरियाली बढ़ाने की कोशिश की गई। समाजसेविका भावना अग्रवाल ने शाखा सदस्यों को इस हरित क्षेत्र के एक हिस्से में पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने और इसे सफल बनाने में भावना अग्रवाल का खास योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान शाखा सचिव चेतना अग्रवाल और कोषाध्यक्ष सुमन खंडेलवाल ने सदस्यों के लिए कई मजेदार खेल कराए। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ कार्यक्रम को मजेदार बनाने के लिए फन, गेम्स, मस्ती-धमाल और स्वादिष्ट खाने के साथ गेट-टुगेदर भी रखा गया। इस मौके पर सदस्यों और पर्यावरण प्रेमियों को ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने और सीड बॉल्स के जरिए प्राकृतिक क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश “आइए, प्रकृति को दें नया जीवन” रहा। आयोजकों ने कहा कि अभी पर्यावरण बचाने के लिए किए गए छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरा-भरा और बेहतर वातावरण बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। इस कार्यक्रम में रेनू गुप्ता, निधि खंडेलवाल, स्नेहा खंडेलवाल, नेहा व्यास, उपासना सिंह, निलेश जैन, रंजना सोनी, रानी झंवर, मधु अग्रवाल, शिल्पी यादव, डॉ. रश्मि गुप्ता, ममता गुप्ता और श्वेता अग्रवाल सहित शाखा सदस्य और पर्यावरण प्रेमी शामिल रहे।

