झज्जर जिले से गुजरने वाली ड्रेनों में केमिकलयुक्त और सीवरेज का दूषित पानी छोड़ने वालों पर अब प्रशासन सख्ती करेगा। डीसी वर्षा खांगवाल ने मुंगेशपुर ड्रेन, ड्रेन नंबर-8 और केसीबी ड्रेन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले पानी की जांच होगी और बिना उचित शोधन के दूषित पानी ड्रेन में पहुंचने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वायु प्रदूषण के साथ जल प्रदूषण पर भी प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। डीसी ने स्पष्ट किया कि ड्रेनों में दूषित पानी छोड़ने की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ड्रेनों के जरिए दूषित पानी यमुना नदी तक पहुंचने से जल प्रदूषण का खतरा बढ़ता है। पानी में अमोनिया की मात्रा बढ़ना भी चिंता का विषय है। ऐसे में संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करना होगा। सेप्टिक टैंकरों से गंदा पानी डालने वालों पर भी कार्रवाई प्रशासन के सामने ऐसी शिकायतें भी आती रही हैं कि सेप्टिक टैंकरों के माध्यम से गंदा पानी नालों और ड्रेनों में छोड़ा जाता है। डीसी ने ऐसे मामलों की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रेनों में दूषित पानी की निकासी रोकने के लिए सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं। फैक्ट्रियों के पानी की होगी नियमित जांच डीसी वर्षा खांगवाल ने औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले पानी की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। जिन इकाइयों में दूषित पानी के शोधन की उचित व्यवस्था नहीं है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी फैक्टरी का बिना शोधन वाला पानी ड्रेन में पहुंचता पाया जाता है तो संबंधित इकाई को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली की जांच करने को भी कहा गया, ताकि गंदे पानी का उचित शोधन हो सके और उसे सीधे जल निकासी तंत्र में छोड़ने से रोका जा सके। कसार लिंक ड्रेन के सभी पॉइंट खंगालने के निर्देश सिंचाई विभाग को कसार लिंक ड्रेन के सभी पॉइंट की जांच करने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी इकाई से बिना उचित शोधन के दूषित पानी बाहर न निकले। प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और संस्थानों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

