बैतूल के साईखेड़ा थाना क्षेत्र में ग्राम बारवी के पास सड़क किनारे घायल मिले 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में उसके चेहरे और सीने में अंदरूनी चोट के संकेत मिले हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक किसी हादसे में घायल हुआ या उसके साथ मारपीट हुई थी। गांव लौटते समय घायल मिला युवक मृतक की पहचान पीयूष पिता पिंटू धोते (18), निवासी ग्राम बारवी के रूप में हुई है। वह बैतूल में घरेलू काम करता था और रोजाना गांव से बैतूल आना-जाना करता था। मंगलवार को काम खत्म करने के बाद वह गांव लौट गया था। जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे पीयूष ग्राम बारवी के पास सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला। बताया जा रहा है कि वह गांव के ही एक युवक के साथ घर से निकला था, लेकिन बाद में अकेला घायल मिला। साथ गए युवक के बारे में जुटाई जा रही जानकारी पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पीयूष के साथ गया युवक कौन था और वह किन परिस्थितियों में घायल हुआ। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पीयूष के चेहरे और सीने में अंदरूनी चोट के संकेत मिले हैं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मर्ग कायम, साईखेड़ा पुलिस कर रही जांच अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर जांच डायरी साईखेड़ा थाना भेज दी है। पुलिस घटना की परिस्थितियों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर जांच कर रही है। फिलहाल हादसे या मारपीट की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है।

