रामपुर के ज्वालानगर में बुधवार को रामलीला मंचन का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना ने रामलीला का उद्घाटन किया। विशिष्ट अतिथि पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सूर्य प्रकाश पाल मौजूद रहे। अतिथियों ने पूजा-अर्चना कर रामलीला के सफल आयोजन की कामना की। भगवान श्रीराम के जयकारों के बीच कलाकारों ने मंचन की शुरुआत की। गणेश पूजन के बाद नारद मोह प्रसंग का मंचन किया गया। इस दौरान सूर्य प्रकाश पाल ने लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रामलीला धार्मिक आयोजन के साथ समाज को मर्यादा, संस्कार और सदाचार का संदेश देती है। कार्यक्रम में ख्यालीराम लोधी, प्रेम तिवारी, सुरेश अग्रवाल, अवधेश शर्मा, डॉ. तेजवीर यादव, अनुज सक्सेना, त्रिभुवन पंडित, आशु गुप्ता, मोहित मल्होत्रा, चितरंजन श्रीवास्तव, अनिल सक्सेना, संजू शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

