जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं, विकास कार्यों, संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों और आमजन से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपखंड एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। जिला कलेक्टर ने फ्लैगशिप योजनाओं की राज्य स्तरीय रैंकिंग और ब्लॉकवार प्रगति का विश्लेषण किया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी और परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को देखते हुए जिला कलेक्टर ने पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने बिजली विभाग को आंधी-तूफान से प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित मरम्मत कार्य करने, नियमित मॉनिटरिंग बनाए रखने और आवश्यक अपग्रेडेशन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य आमजन को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है। संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवादों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता, जवाबदेही और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने टैंकर संचालन की प्रभावी मॉनिटरिंग, जल जीवन मिशन के कार्यों को समय पर पूरा करने और समर कंटीजेंसी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौसमी बीमारियों की स्थिति और स्वास्थ्य प्रबंधन संबंधी तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। मिशन हरियालो राजस्थान कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को पौधारोपण लक्ष्यों की समयपूर्व तैयारी करने, जनभागीदारी सुनिश्चित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर जन आंदोलन का रूप ले। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जगदीश प्रसाद, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी रामअवतार कुमावत, सीएमएचओ डॉ. आशीष शेखावत, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी रामनिवास यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


