जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 7 धराए

जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 7 धराए

Jamui minor girl case: पुलिस ने जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी के मामले में दो और युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सौरभ और छोटू के तौर पर हुई है। इस मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 

Jamui Case: बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) और स्थानीय पुलिस ने छापेमारी कर घटना में शामिल दो और आरोपियों सौरभ और छोटू को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों के साथ ही इस मामले में पकड़े गए लोगों की कुल संख्या सात हो गई है।

19 सितंबर को हुई थी घटना

यह घटना 19 सितंबर की शाम को हुई जब दो छात्र अपनी कोचिंग क्लास से लौटते समय मारवा पहाड़ी के पास से गुजर रहे थे। सुनसान रास्ते का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया, छात्र के साथ मारपीट की और नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की। लड़की के हाथ जोड़कर विनती करने के बावजूद आरोपियों ने उसकी गुहार पर कोई ध्यान नहीं दिया। इस पूरी घटना का मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया था।

सौरभ ने ही मुख्य आरोपियों को फोन कर बुलाया था

अब तक की पुलिस जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सौरभ इस पूरी घटना में एक अहम कड़ी था। 19 सितंबर की शाम को जब मनचलों ने मडवा पहाड़ी की तलहटी में छात्र-छात्रा को घेरा और उनके साथ बदसलूकी करने लगे, तो छात्र ने कड़ा विरोध किया। जिसके बाद सौरभ ने इलाके के कुख्यात नंदन यादव और हरेराम यादव को मौके पर बुलाया। इसके बाद, नंदन और हरेराम वहां पहुंचे, मुख्य सड़क पर दोनों को फिर से रोका और छात्रा के साथ छेड़छाड़ की।

मामले में अब तक सात गिरफ्तारी

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एक IPS अधिकारी की अगुवाई में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई। पुलिस ने POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। शुरुआत में 21 सितंबर को घटना में शामिल तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद 22 सितंबर को मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगी और उसके साथी हरेराम यादव को भी पकड़ लिया गया। अब सौरभ और छोटू की गिरफ्तारी के साथ कुल 7 आरोपियों पर शिकंजा कसा जा चुका है।

  

​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *