जमीनी समस्याओं को उठाकर राजनीतिक जमीन मजबूत करेगी कांग्रेस:राष्ट्रीय सचिव के दौरे से उत्साह; आम लोगों को जोड़ने की मुहिम तेज होगी

जमीनी समस्याओं को उठाकर राजनीतिक जमीन मजबूत करेगी कांग्रेस:राष्ट्रीय सचिव के दौरे से उत्साह; आम लोगों को जोड़ने की मुहिम तेज होगी

विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस धरातल पर अपनी उपस्थिति मजबूत करने में लगी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के दौरे पर आए राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त ने दो दिनों में 5 जिलों का दौरा किया और वहां ब्लाक स्तर के पदाधिकारियों से सीधा संवाद किया। ऐसा पहली बार नजर आया कि पार्टी के बड़े पदाधिकारी ने सीधे ब्लाक पदाधिकारियों से बात की। उनसे संवाद कर उनके यहां की स्थानीय समस्याएं पूछी और उसे अपनी डायरी में नोट किया। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इनमें से ऐसी समस्याएं जो लोगों को प्रभावित कर रही हैं, जिससे लोग जुड़ेंगे, उसे कांग्रेस प्रमुखता से उठाएगी। साथ ही सभी ब्लाक पदाधिकारियों से कहा गया है कि वे स्थानीय स्तर पर इन समस्याओं को लेकर ज्ञापन दें। इस पहल से कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मंगलवार की सुबह गोरखपुर पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने वालों में अमरमणि त्रिपाठी भी शामिल थे। जिसकी खूब चर्चा हुई। एयरपोर्ट से अभिषेक दत्त महराजगंज पहुंचे। वहां उन्होंने ब्लाक स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बुधवार को वह गोरखपुर पहुंचे। गुरुवार को बलिया के लिए रवाना हुए। इसी बीच वह सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने पहुंचे थे। उनसे मिलने और बात करने के बाद कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। ब्लाक अध्यक्षों की समस्याएं सुनीं राष्ट्रीय सचिव ने ब्लाक अध्यक्षों की समस्याएं सुनीं। कांग्रेस में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी बड़े नेता ने गोरखपुर में इस तरह से दोतरफा संवाद किया हो। वरिष्ठ पत्रकार आलोक दूबे बताते हैं कि इस समय भाजपा को छोड़ दें तो सबसे अधिक सक्रिय कांग्रेसी नेता ही नजर आ रहे हैं। यहां उनके पास संख्या भले कम हो लेकिन विभिन्न मुद्दों को लेकर वे सक्रिय रहते हैं, धरना-प्रदर्शन करते हैं, जिससे उनकी चर्चा हो रही है। उनके इन प्रयासों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। गांव स्तर की समस्याओं को उठाने का तरीका काफी कारगर हो सकता है। गांव में रहने वाले व्यक्ति के आसपास की ऐसी समस्या, जिससे वह हमेशा दो-चार होता रहता है, यदि कोई राजनीतिक दल उठाएगा तो उसके प्रति वहां के लोगों के मन में सहानुभूति आएगी। लोग उससे जुड़ाव महसूस करेंगे। यही कांग्रेस चाहती है। यही कारण है कि ब्लाक अध्यक्षों को अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मुखर होने को कहा गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय सचिव ने भी उन समस्याओं को नोट किया है। बड़े नेताओं की रैली में उस क्षेत्र के किसी छोटे से गांव की समस्या का जिक्र हो सकता है, इससे वहां के लोग अपना जुड़ाव जरूर महसूस करेंगे। राष्ट्रीय सचिव ने कहा-समस्याओं को लेकर ज्ञापन दें राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि समस्याओं को चिह्नित करने के बाद बैठ नहीं जाना है। बल्कि उससे प्रभावित लोगों को लेकर ब्लाक, तहसील पर जाना है और उसे हल कराने की पहल करनी है। पुरजोर तरीके से अपनी बात रखनी है। जरूरत पड़े तो धरना और प्रदर्शन भी किया जाए। जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच जब ब्लाक अध्यक्षों से सीधा संवाद किया गया तो उनका आत्मविश्वास भी बढ़ गया। अगले दौरे पर वह वार्ड अध्यक्षों के साथ भी बैठक करेंगे। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी बताते हैं कि कांग्रेस आम आदमी की जरूरत को जानती है। राष्ट्रीय सचिव ने भी सभी ब्लाक प्रभारियों से कहा है कि वे अपने यहां आम लोगों की समस्या उठाएं और उसको लेकर अधिकारियों को ज्ञापन दें। उनके दौरे से कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *