प्रतापगढ़ में महेशगंज थाना क्षेत्र के फतुहाबाद, लाला का पुरवा गांव में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पार कर दी। घटना के समय परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। सुबह जागने पर चोरी की जानकारी हुई तो परिजनों में हड़कंप मच गया। फतुहाबाद लाला का पुरवा निवासी वंदना देवी पत्नी राजकुमार पटेल ने बताया कि रात में वह अपनी सास और बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में सेंध लगाई और छत के रास्ते अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, करीब नौ लाख रुपये कीमत के बताए जा रहे हैं, तथा 80 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। अगले माह देवर की होनी है शादी पीड़िता के अनुसार, घर में देवर की अगले माह शादी होनी है। शादी की तैयारियों के लिए धीरे-धीरे गृहस्थी का सामान और आभूषण जुटाकर घर में रखे गए थे। चोर घर में रखा शादी का सामान और अन्य गृहस्थी का सामान भी उठा ले गए। सुबह परिवार के लोग सोकर उठे तो घर का दरवाजा टूटा मिला। सामान बिखरा पड़ा था और आभूषण व नकदी गायब थी। इसके बाद तत्काल डायल 112 और महेशगंज पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी लेते हुए छानबीन शुरू कर दी। सामान बरामद कराने की मांग पीड़िता ने महेशगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर चोरी की घटना का खुलासा करने और सामान बरामद कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। महेशगंज थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। जांच की जा रही है, जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी की जाएगी।

