भोपाल के स्टेशन बजरिया स्थित घर में जुआखाना संचालित करने वाले कुख्यात अपराधी रूसी को क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस की नजर से बचने के लिए अपने घर के आसपास करीब एक किलोमीटर के दायरे में CCTV कैमरों का नेटवर्क लगा रखा था। पुलिस की कार्रवाई से पहले इन कैमरों के जरिए आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी। पुलिस ने 12-13 सितंबर की दरमियानी रात मुखबिर की सूचना पर रूसी के घर दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने पहले ड्रोन कैमरों की मदद से घर की छत और आसपास के इलाके की निगरानी की। पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही जुआखाने में भगदड़ मच गई और वहां मौजूद लोग मौके से भाग निकले। घर की छत पर मिली नकदी और ताश पत्ते तलाशी के दौरान पुलिस ने रूसी के घर की छत से ताश के पत्ते और करीब तीन लाख रुपए की नकदी जब्त की थी। कार्रवाई के बाद रूसी फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने उसके पिता शफीक मास्साब को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा पांच अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया गया था। जुआखाने में मिली ऑडी और बीएमडब्ल्यू कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ऑडी, बीएमडब्ल्यू और अल्टो समेत कई वाहन भी जब्त किए थे। पुलिस अब रूसी से जुआ संचालन, CCTV नेटवर्क और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। क्राइम ब्रांच जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।

