ग्वालियर में सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन में कभी तेज धूप निकल रही है तो कभी आसमान पर बादल छा रहे हैं। इसके साथ चल रही ठंडी हवाओं से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। सुबह और रात के समय लोगों को हल्की सर्दी का एहसास होने लगा है। शनिवार रात के बाद रविवार सुबह मौसम में ठंडक साफ महसूस हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम रहा। सुबह 5:30 बजे तापमान 22 डिग्री और 8:30 बजे 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में नमी भी अधिक रही। दोपहर 3 बजे सापेक्ष आर्द्रता 83% दर्ज की गई, जो सामान्य से 14% अधिक रही। सुबह-शाम ठंडी हवा का असर मौसम में बदलाव का सबसे ज्यादा असर सुबह और रात के समय दिखाई दे रहा है। सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को ठंडी हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। रात में भी तापमान कम होने से मौसम सुहाना होने के साथ हल्की ठंड का एहसास करा रहा है। पिछले दिनों तक उमस और गर्मी से परेशान लोगों को मौसम में आया यह बदलाव राहत दे रहा है। दिन में धूप और बादलों का असर दिन के समय मौसम पूरी तरह साफ नहीं रह रहा है। कभी तेज धूप निकलती है तो कुछ देर बाद आसमान पर बादल छा जाते हैं। धूप और बादलों के बीच ठंडी हवाएं चलने से तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव से आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट होने के संकेत मिल रहे हैं।

