गोशाला कॉलोनी में सीवर लाइन बंद, जलभराव से लोग परेशान:गंदगी और मच्छरों से बीमारी का डर, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

गोशाला कॉलोनी में सीवर लाइन बंद, जलभराव से लोग परेशान:गंदगी और मच्छरों से बीमारी का डर, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

धौलपुर शहर की गोशाला कॉलोनी में सीवर की मेन लाइन बंद होने से लोगों को गंदगी और जलभराव का सामना करना पड़ रहा है। गोशाला पार्क के आसपास यह समस्या ज्यादा है। स्थानीय लोगों ने इस बारे में जिला कलेक्टर और नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने सीवर लाइन की सफाई कराने की मांग की है। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि गोशाला पार्क इलाके में सीवर की मेन लाइन काफी समय से बंद है। इस वजह से मंदिर के पीछे से लेकर पूरी कॉलोनी का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर पार्क के पास जमा हो रहा है। पानी बाहर नहीं निकल पा रहा, जिससे गंदा और बदबूदार पानी सड़कों और आसपास के इलाकों में फैल गया है। ज्ञापन में बताया गया है कि रिंकू की चक्की के आगे से चौधरी और शिवनारायण पटवारी के घर के आगे तक टोरेंट गैस ने गैस लाइन डाली थी। इसी दौरान सीवर लाइन टूट गई थी। नगर परिषद की तरफ से भी चैंबर टूटने के कारण सीवर की मेन लाइन बंद हो गई, जिससे लोगों को दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदा पानी जमा होने से बदबू फैल रही है और मच्छरों की संख्या बढ़ गई है। इससे बीमारी फैलने का डर बना हुआ है। पानी भरने के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को भी आने-जाने में परेशानी हो रही है। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर 181 पर कई बार शिकायत की जा चुकी है। नगर परिषद के अधिकारियों को फोन पर भी बताया गया था। जिला कलेक्टर को भी आवेदन देकर समस्या को ठीक करने की मांग की गई, लेकिन अभी तक कोई पक्का समाधान नहीं निकला है। कॉलोनी के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गोशाला कॉलोनी और गोशाला पार्क के आसपास जमा गंदे पानी को तुरंत निकाला जाए। साथ ही, सीवर लाइन की तुरंत सफाई और मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को जलभराव, बदबू और मच्छरों की समस्या से राहत मिल सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *