गोरखपुर जोन के संतकबीरनगर में होमगार्ड भर्ती दौड़:8 से 15 सितंबर तक होगा आयोजन, प्रत्येक दिन 900 अभ्यर्थी होंगे शामिल

गोरखपुर जोन के संतकबीरनगर में होमगार्ड भर्ती दौड़:8 से 15 सितंबर तक होगा आयोजन, प्रत्येक दिन 900 अभ्यर्थी होंगे शामिल

संतकबीरनगर जिले में होमगार्ड भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) का आयोजन किया जाएगा। गोरखपुर जोन के अभ्यर्थियों के लिए यह दौड़ संतकबीरनगर पुलिस लाइंस के ग्राउंड में 8 से 15 सितंबर तक होगी। कुल आठ दिनों तक चलने वाली इस प्रक्रिया में प्रतिदिन 900 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। ग्राउंड तैयार करने सहित अन्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। उत्तर प्रदेश में कुल 41,424 होमगार्ड पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। लिखित परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा और दस्तावेजों की जांच 13 जुलाई से 7 अगस्त तक पूरी की जा चुकी है। संवीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों को अब दौड़ परीक्षा में शामिल होना होगा। प्रदेश भर में दौड़ परीक्षा के लिए 15 स्थान प्रस्तावित किए गए हैं। 8 से 15 सितंबर तक दौड़ का शेड्यूल निर्धारित है, जबकि 16 सितंबर को रिजर्व डे रखा गया है। पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 28 मिनट में पूरी करनी होगी, वहीं महिला अभ्यर्थियों को 2.4 किलोमीटर की दौड़ 16 मिनट में पूरी करनी आवश्यक होगी। प्रतिदिन दो पालियों में लगभग 900 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। पहली पाली सुबह 5 बजे 450 अभ्यर्थियों के लिए और दूसरी पाली सुबह 6 बजे अन्य 450 अभ्यर्थियों के लिए होगी। गोरखपुर जोन में संतकबीरनगर की पुलिस लाइन के ग्राउंड में पहली बार दौड़ परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसे लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पुलिस लाइंस का 400 मीटर का ग्राउंड तैयार किया जा रहा है ताकि सुचारु रूप से दौड़ संपन्न कराई जा सके। प्रदेश के आगरा जोन में 45वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़, कानपुर जोन में 33वीं वाहिनी पीएसी झांसी, बरेली जोन में 08वीं वाहिनी पीएसी बरेली और 09वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद शामिल हैं। लखनऊ जोन में 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ, 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ, 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली, 10वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी (नवीन) और 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर (नवीन) में दौड़ होगी। मेरठ जोन में 06वीं वाहिनी पीएसी मेरठ और 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद, वाराणसी जोन में 39वीं वाहिनी पीएसी मिर्जापुर और रिजर्व पुलिस लाइंस जौनपुर (नवीन), तथा प्रयागराज जोन में चतुर्थ वाहिनी पीएसी प्रयागराज (नवीन) में भी यह परीक्षा आयोजित की जाएगी।ॉ एसपी संदीप कुमार मीणा ने बताया कि होमगार्ड भर्ती के अभ्यर्थियों की दौड़ परीक्षा 08 सितंबर से 15 सितंबर तक प्रदेश में 15 स्थानों पर होगी। इसमें गोरखपुर जोन में सिर्फ संतकबीरनगर जिले की पुलिस लाइंस में होमगार्ड अभ्यर्थियों की दौड़ परीक्षा कराए जाने के लिए चयन हुआ है। पारदर्शी ढंग से दौड़ परीक्षा कराए जाने की तैयारी शुरू करा दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *