गोंडा में चलती बाइक पर युवक ने तमंचा लहराया, VIDEO:रील बनाया- “मौत कल आती है आज आ जाए डरता कौन है; बिना नंबर गाड़ी ढूंढ रही पुलिस

गोंडा में चलती बाइक पर युवक ने तमंचा लहराया, VIDEO:रील बनाया- “मौत कल आती है आज आ जाए डरता कौन है; बिना नंबर गाड़ी ढूंढ रही पुलिस

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अवैध तमंचे के खुलेआम प्रदर्शन पर कठोर कार्रवाई के निर्देशों के बावजूद, गोंडा जिले में ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला खोडारे थाना क्षेत्र के बक्सरिया ग्रंट गांव से सामने आया है। यहां जितेंद्र वर्मा नामक एक व्यक्ति का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर बैठकर अवैध तमंचा लहराता दिख रहा है। जितेंद्र वर्मा ने खुद अपने हाथ में तमंचा लेकर मोटरसाइकिल पर बैठकर यह वीडियो बनाया और इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल किया। इसका उद्देश्य लोगों में अपना खौफ पैदा करना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यह व्यक्ति आपराधिक प्रवृत्ति का है और इसके खिलाफ कुछ मामले भी दर्ज हैं। वीडियो में जितेंद्र वर्मा ने एक डायलॉग वाली रील भी लगाई है। इसमें कहा जा रहा है, “मौत कल आती है आज आ जाए डरता कौन है, तेरे लश्कर के मुकाबले अकेला हूं मगर फैसला मैदान में होगा कि मरता कौन है।” यह रील सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है। यह वीडियो एक दिन पुराना बताया जा रहा है। वहीं खोडारे थाना अध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, जितेंद्र वर्मा के आपराधिक इतिहास और बिना नंबर की मोटरसाइकिल की भी जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *