गुरुग्राम में 29 वर्षीय एक युवक ने सोमवार को रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक की गर्दन धड़ से अलग होकर करीब 10 मीटर दूर जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 29 वर्षीय मोहित के रूप में हुई है, जो राजेंद्र पार्क इलाके का निवासी था। मोहित अविवाहित था और जॉब की तलाश में गुरुग्राम आया था। बताया जा रहा है कि उसने महज तीन-चार दिन पहले ही दौलताबाद फ्लाईओवर के पास स्थित एक मेगा मॉल में नई नौकरी पकड़ी थी। दो हिस्सों में बंटा शव नए रोजगार को लेकर परिवार में उम्मीदें बंधी ही थीं कि सोमवार को अचानक इस दुखद घटना की खबर आ गई। बताया जा रहा है कि वह अचानक से ट्रेन के सामने कूद गया। ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शव क्षत-विक्षत हो गया था। घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय स्टेशन मास्टर और राजकीय रेलवे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी के जांच अधिकारी बाबूलाल और एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेलवे ट्रैक और उसके आसपास बिखरे शव के हिस्सों को एकत्रित किया और तुरंत नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मानसिक तनाव और कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
जीआरपी के जांच अधिकारी बाबूलाल ने बताया कि घटनास्थल से फिलहाल कोई ऐसा दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे इस कदम के सटीक कारणों का खुलासा हो सके। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। जांच का दायरा मोहित के निजी जीवन, पारिवारिक स्थिति और उसके नए कार्यस्थल तक विस्तृत किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या मोहित किसी गंभीर मानसिक तनाव, वित्तीय संकट अथवा कार्यस्थल पर किसी परेशानी का सामना कर रहा था। उसके मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स और हालिया संदेशों को भी खंगाला जा रहा है। परिजनों में शोक की लहर
मोहित की असामयिक मृत्यु की खबर जैसे ही राजेंद्र पार्क स्थित उसके घर पहुंची, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। किसी को यकीन नहीं हो रहा है कि नई नौकरी की शुरुआत करने वाला मोहित अब इस दुनिया में नहीं है। पुलिस ने कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मृतक के परिजनों व उसके दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

