लखनऊ के थाना गाजीपुर में इस बार जन्माष्टमी का पर्व बेहद भव्य और भक्तिमय अंदाज़ में मनाया गया। थाना परिसर को आकर्षक लाइटिंग और शानदार सजावट से सजाया गया, जिसकी खूबसूरती देखते ही बन रही थी। जैसे-जैसे रात आगे बढ़ी, थाना परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। विधायक ओपी श्रीवास्तव, आईपीएस अधिकारी एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट और एसीपी गाज़ीपुर अतुल कुमार पांडे समेत क्षेत्र के गणमान्य लोग कार्यक्रम में पहुंचे। भजन-कीर्तन के बीच जैसे ही रात के 12 बजे, कान्हा मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ। पूरा थाना परिसर “जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। पुलिसकर्मियों के साथ उनके परिवार और आसपास के क्षेत्रीय लोग भी इस पावन पल के साक्षी बने। थाना गाजीपुर के इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य और उनकी पूरी टीम ने जन्माष्टमी समारोह को लेकर बेहतरीन इंतजाम किए थे। सजावट से लेकर श्रद्धालुओं की व्यवस्था और सुरक्षा तक, पुलिस टीम ने आयोजन में कोई कसर नहीं छोड़ी। खास बात यह रही कि आधी रात को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में थाना परिसर पहुंचे। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण के साथ-साथ खाने-पीने की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। सब्जी-पूड़ी, चावल, छोले और मिठाई समेत विभिन्न प्रसाद लोगों को वितरित किए गए। यह आयोजन सिर्फ एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच मजबूत होते रिश्ते की भी खूबसूरत तस्वीर नजर आया। जिस थाना परिसर में आमतौर पर फरियादी अपनी शिकायत लेकर पहुंचते हैं, वहीं जन्माष्टमी की रात भक्ति, श्रद्धा और उत्सव का माहौल देखने को मिला।

