गाजियाबाद में जरूरतमंद बच्चों को जूते उपलब्ध कराने के लिए चलाया जा रहा चरण पादुका अभियान रविवार को इंदिरापुरम स्थित नीरजा की फुटपाथशाला पहुंचा। अभियान के तहत 39 बच्चों को नए जूते दिए गए। इसके साथ ही अभियान के तहत अब तक वितरित जूतों की संख्या 5690 हो गई। अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि बच्चों को जूते उपलब्ध कराने का उद्देश्य उनके पैरों की सुरक्षा के साथ शिक्षा और अपने सपनों की ओर आगे बढ़ने के लिए आत्मविश्वास देना है। नीरजा की फुटपाथशाला पिछले करीब चार वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा दे रही है। संचालिका नीरजा सक्सेना बच्चों को पढ़ाई के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक करती हैं। यहां प्रतिदिन करीब 40 बच्चे पढ़ते हैं और फीस के रूप में बच्चों से वेस्ट प्लास्टिक लिया जाता है। इससे बच्चे अब तक हजारों इको ब्रिक्स तैयार कर चुके हैं। इसके अलावा पौधारोपण और प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता कार्यक्रमों में भी बच्चे भाग लेते हैं। चरण पादुका अभियान के तहत वर्ष 2023 और 2024 में भी फुटपाथशाला के बच्चों को जूते दिए गए थे। इस वर्ष 39 बच्चों को नए जूते उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम में सुनीता शर्मा, प्रवीण कुमार शर्मा, पंकज गर्ग, अमित कुमार, गुरदीप सिंह, आस्था शर्मा और अंशिका ने सहयोग किया। फुटपाथशाला की संचालिका नीरजा सक्सेना का भी सहयोग रहा।

