छत्तीसगढ़ शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर के घंटाघर चौक पर 51 हजार से ज्यादा दीये जलाए गए। इससे पूरा इलाका रोशनी से जगमगा उठा और कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल रहा। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसी के तहत कोरबा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम हुआ। घंटाघर चौक पर हुए मुख्य कार्यक्रम में मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। जिले में 5.50 लाख दीये जलाने का लक्ष्य जिला प्रशासन ने पूरे कोरबा जिले में कुल 5 लाख 50 हजार दीये जलाने का लक्ष्य रखा था। जिले के 11 प्रमुख स्थानों पर एक साथ 1 लाख 17 हजार 700 दीये जलाए गए। घंटाघर चौक के अलावा कटघोरा के राधासागर तालाब, बांकीमोंगरा के गजरा ग्राउंड और दीपका की पुष्प वाटिका में भी दीये जलाए गए। जनसेवा और विकसित भारत 2047 के संकल्प का संदेश कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा की भावना के लिए आभार जताना और ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प को लोगों की भागीदारी से आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम में लोगों ने दीये जलाकर जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी भागीदारी दिखाई। मंत्री बोले- जनभागीदारी से पूरा होगा विकसित भारत 2047 का संकल्प उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 साल पूरे होने पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति आभार का प्रतीक है। ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प लोगों की भागीदारी से ही पूरा होगा। 10 सफाई कर्मियों को किट और सर्टिफिकेट देकर किया सम्मानित कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत और गोपाल मोदी ने भी संबोधित किया। इस दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले 10 सफाई कर्मियों को किट और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। भारत के नक्शे पर प्रधानमंत्री का चित्र बनाने वाले रंगोली कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।

