रोटरी का दिवाली मेला 31 अक्टूबर से शुरू होगा:बरेली क्लब मैदान में तीन दिन तक 145 स्टॉल, आदि योगी थीम और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे

रोटरी का दिवाली मेला 31 अक्टूबर से शुरू होगा:बरेली क्लब मैदान में तीन दिन तक 145 स्टॉल, आदि योगी थीम और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे

बरेली में रोटरी क्लब ऑफ बरेली चैरिटेबल ट्रस्ट का 63वां रोटरी महान दिवाली मेला 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक लगेगा। बरेली क्लब मेला ग्राउंड में तीन दिन तक खरीदारी, मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
इस बार मेले में आदि योगी थीम पर मंदिर तैयार किया जा रहा है। तीनों दिन म्यूजिकल नाइट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आतिशबाजी होगी।
मेले में 145 स्टॉल लगेंगी, जिनमें से 143 की बुकिंग हो चुकी है। यहां मीना बाजार, किड्स जोन और झूले होंगे। खाने-पीने के स्टॉल पर साउथ इंडियन, चाइनीज, चाट और दूसरे भारतीय व्यंजन मिलेंगे। आयोजकों ने छोटे दुकानदारों को भी अपने उत्पाद बेचने का मौका दिया है।
मेला डायरेक्टर सीए अमित मनोहर ने बताया कि तीनों दिन देशभर से आए कलाकार कार्यक्रम पेश करेंगे। पहली बार ओकटा एलिवेटर्स के जरिए लोगों को ऊंचाई से एरियल अनुभव देने की व्यवस्था की गई है।
प्रतियोगिताओं में ‘फेस इन द क्राउड’, वरिष्ठ नागरिकों के लिए गोल्डन कपल, बेस्ट कपल और मेला क्वीन शामिल हैं। इसके अलावा बेबी शो, फैंसी ड्रेस, ब्यूटीफुल आइज और बेस्ट हेयर स्टाइल प्रतियोगिताएं भी होंगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीफ क्लब ट्रेनर डॉ. एके चौहान ने कहा कि यह मेला 62 साल से आयोजित हो रहा है और शहर की पहचान बन चुका है। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी सीए विनय कृष्ण ने कहा कि मेला भाईचारे, समानता, प्रेम और सद्भावना को बढ़ावा देता है।
मेले के टाइटल स्पॉन्सर आदित्य बिरला ग्रुप की कंपनी इंद्रिया ज्वेलर्स है। प्रयागराज का नंदी ग्रुप और बरेली का सिटी सेंटर एलए मॉल मुख्य प्रायोजक हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सचिव अनुज जायसवाल, को-मेला डायरेक्टर भावेश अग्रवाल, क्लब के पूर्व अध्यक्ष और अन्य सदस्य मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *