केशव मौर्य बोले-2027 में भाजपा जीतेगी 300 से ज्यादा सीटें:कौशांबी में कहा- 2047 तक देश-प्रदेश में रहेगी भाजपा सरकार

केशव मौर्य बोले-2027 में भाजपा जीतेगी 300 से ज्यादा सीटें:कौशांबी में कहा- 2047 तक देश-प्रदेश में रहेगी भाजपा सरकार

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कौशांबी दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी के भविष्य और प्रदेश की राजनीति पर महत्वपूर्ण बयान दिए। सयारा स्थित मां शीतला अतिथि गृह में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 300 से अधिक सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाएगी। मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी रहेगी।
’12 जून को पीएम इतिहास रचने जा रहे हैं’
उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का भी जिक्र किया और लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का प्रतीक बताया। उन्होंने यह भी कहा कि 12 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे कार्यकाल तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं। मौर्य ने कहा कि जनता का विश्वास आज भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर कायम है, जो भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिली चुनावी सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने वहां की जनता को धन्यवाद दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देश में आर्थिक संकट संबंधी बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मौर्य ने कहा कि देश की जनता का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और नेतृत्व पर है। ‘2027 में भाजपा 300 सीटें जितेगी’
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उपमुख्यमंत्री ने दोहराया कि 2027 में भाजपा प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कौशांबी जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। कौशांबी के विकास कार्यों पर बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिले का विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जनप्रतिनिधियों और विपक्षी राजनीति के कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार जिले के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में कौशांबी में विकास की नई परियोजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *