केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शुक्रवार को करनाल पहुंचकर विपक्षी दलों और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रैली और धरने-प्रदर्शन के नाम पर अराजकता फैलाने की इजाजत किसी को नहीं है। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की मानसिकता देश में अराजकता पैदा करने की है। उनके साथ चल रहे कुछ लोग बांग्लादेश और नेपाल से प्रेरणा लेने की बात कर रहे हैं। इसका मतलब क्या भारत बांग्लादेश या नेपाल है? यहां सत्ता परिवर्तन इन देशों की तरह कभी नहीं हो सकता। ऐसी गलतफहमी निकाल देनी चाहिए। 5 नवंबर को अमित शाह करेंगे पदयात्रा में शिरकत कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी, लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ पदयात्रा निकाल रही है। 5 नवंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करनाल में इस पदयात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा पदयात्रा के जरिए लोगों के बीच जाकर विपक्षी दलों की राजनीति के बारे में बताएगी। उनके अनुसार कांग्रेस समेत विपक्षी दल और भारत के बाहर की विदेशी ताकतें देश की तरक्की से परेशान हैं और इसमें बाधा डालना चाहती हैं। पंजाब की जनता बदलाव का मन बना चुकी है अगले साल पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि वहां की जनता परेशान है और बदलाव का मन बना चुकी है। पंजाब के लोगों ने पिछले पांच साल में जिस दुर्दशा का सामना किया है, उसे उनसे बेहतर कोई नहीं जानता। पंजाब ने कांग्रेस की सरकार भी देखी है और पिछले पांच साल से अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार को भी झेल रहा है। नशे ने युवाओं का भविष्य बर्बाद किया कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि नशे ने पंजाब के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। युवाओं को नशे से बचाकर सही रास्ते पर लाने का एकमात्र विकल्प भाजपा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अगले तीन साल में पंजाब को नशामुक्त करने की बात कही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जो कहते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं। भाजपा पंजाब में नशे की समस्या खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

