आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज में सात अक्टूबर बुधवार को रोड सेफ्टी बूट कैंप का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बाइक और स्कूटी चलाने वाले 300 छात्र-छात्राओं को हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन त्रिगुणा द साइंस ऑफ लिविंग के सौजन्य से किया गया। यह पहल आवास फाइनेंस लिमिटेड की सीएसआर गतिविधि के तहत की गई। कार्यक्रम के आयोजक एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डी. नियोगी ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले छात्रों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। ऐसे में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हेलमेट वितरित किए गए। बूट कैंप में छात्रों को वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। छात्रों को सुरक्षित ड्राइविंग के विभिन्न उपायों और दुर्घटनाओं से बचाव के संबंध में भी सुझाव दिए गए। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। हेलमेट का नियमित इस्तेमाल दुर्घटना की स्थिति में सिर में गंभीर चोट लगने के खतरे को कम करता है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रभारी सुरक्षा अधिकारी डॉ. आरपी सिंह, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. देवव्रत सिंह, डॉ. साधना सिंह सहित विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल करने का संकल्प भी लिया।

