पूर्व मंत्री बोले-पूरे वार्ड के वोट गायब कर दिए गए:चुनाव EVM की बजाय बैलेट पेपर से हो, अब मोदी का भाषण कोई नहीं सुनता

पूर्व मंत्री बोले-पूरे वार्ड के वोट गायब कर दिए गए:चुनाव EVM की बजाय बैलेट पेपर से हो, अब मोदी का भाषण कोई नहीं सुनता

अलवर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को शहीद स्मारक से नगर निगम परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक विरोध रैली निकाली। रैली के जरिए कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। चुनाव आयोग व भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि अब देश में चुनाव EVM की बजाय बैलेट पेपर से ही कराए जाने चाहिए, क्योंकि चुनाव आयोग से जनता का विश्वास पूरी तरह उठ चुका है। ‘राहुल गांधी ने देश के सामने सबूत रखे, गांव-ढाणी में आक्रोश’ जितेंद्र सिंह ने कहा- राहुल गांधी ने पूरे देश की जनता के सामने सबूत पेश किए हैं कि किस तरह योजनाबद्ध तरीके से विपक्ष के वोट काटे गए। कई जगह तो पूरे वार्ड के ही वोट गायब कर दिए गए। अब गांव और ढाणियों की जनता भी खुलकर कहने लगी है कि हम वोट कांग्रेस को देते हैं, लेकिन वह जाता कहां है, पता ही नहीं चलता। पिछले दिनों की मीडिया रिपोर्ट में वोट काटने की गड़बड़ी सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा- इस रैली से विरोध की शुरुआत हुई है। जिस तरह देश से अंग्रेजों को खदेड़ा गया था, उसी तरह जनता ज्ञानेश कुमार और भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी। सुप्रीम कोर्ट को जवाब देना पड़ा, अब मोदी के भाषण पर लोग टीवी बंद कर देते हैं पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आयोग पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा- आयोग ने दावा किया था कि फॉर्म में बदलाव सुप्रीम कोर्ट से पूछकर किया गया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट को खुद स्पष्ट करना पड़ा कि उनसे कोई सहमति नहीं ली गई थी। जब 300 सांसद इस पर जवाब मांगते हैं तो उन्हें रोक दिया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़े-बड़े भाषण देकर देश को विश्व गुरु बनाने की बात करते हैं, लेकिन अब लोग उनके भाषण नहीं सुनना चाहते और टीवी बंद कर देते हैं। पीसीसी चीफ, टीकाराम जूली और गहलोत ने निकाय चुनाव में प्रशासन के रवैये का किया विरोध जितेंद्र सिंह ने कहा- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित वरिष्ठ नेताओं ने निकाय चुनाव के दौरान पुलिस-प्रशासन की भूमिका का पुरजोर विरोध किया है। जनता सब देख चुकी है। आने वाले समय में राज्य में सरकार बदलने वाली है। धांधली करने वाले अधिकारियों व जिम्मेदारों पर आगे कार्रवाई की जाएगी। सांसद मुरारी लाल मीणा बोले- कई चुनाव अधिकारी फैसलों से सहमत नहीं थे दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा ने कहा कि चुनाव आयोग के कई फैसलों से आयोग के अपने ही दूसरे अधिकारी सहमत नहीं थे, फिर भी उन फैसलों को जबरन लागू कर दिया गया। इसी का नतीजा है कि आज पूरा देश आंदोलित है। ज्ञानेश कुमार के जरिए केंद्र सरकार ने लोकतंत्र को खत्म करने का काम किया है। जनता में मोदी सरकार के खिलाफ भारी नाराजगी है। इस दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत, विधायक कांती प्रसाद मीना, विधायक ललित यादव, विधायक मांगी लाल सहित काफी संख्या में कांग्रेस के नेता मौजूद थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *