हांसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को हांसी में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। एसडी महिला महाविद्यालय के प्रांगण में आयोजित सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। जिसमें विभिन्न स्कूल-कॉलेजों और आईटीआई के विद्यार्थियों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सेवा ज्योति यात्रा की शुरूआत कार्यक्रम में हांसी विधायक विनोद भयाना मुख्य अतिथि और पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। हांसी के उपायुक्त राहुल नरवाल और एसडीएम राजेश कोथ भी कार्यक्रम में पहुंचे। सभा के बाद एसडी महिला महाविद्यालय से सेवा ज्योति यात्रा शुरू हुई। यात्रा भगत सिंह रोड, पुराना बस स्टैंड, बडसी गेट और विश्वकर्मा चौक से होते हुए काठ मंडी रोड के नजदीक पहुंची। यहां प्रशासन की ओर से तैयार किए गए फाउंडेशन पर मशाल स्थापित की गई। विधायक बोले- पीएम के विचारों को अपना रहे लोग विधायक विनोद भयाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा काल को इस आयोजन के माध्यम से याद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों से प्रभावित होकर अनेक लोग उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा कि जिस स्थान पर मशाल स्थापित की गई है, उस चौक का नाम सेवा यात्रा संकल्प चौक रखने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा और संकल्प की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में 25 वर्ष के सेवा काल को केंद्र में रखते हुए सेवा, संकल्प और विकसित भारत से जुड़े संदेश दिए गए।

