कासगंज के अमांपुर थाना क्षेत्र के हरथरा गांव में शनिवार को एक बाग में आम के पेड़ से 16 साल के किशोर का शव लटका मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत अमांपुर पुलिस को जानकारी दी। मृतक की पहचान बिकौरा गांव निवासी रोहित (16) पुत्र प्रेमपाल के रूप में हुई है। उसकी मां लक्ष्मी देवी नगर पंचायत अमांपुर में काम करती हैं। खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। अमांपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और ग्रामीणों से पूछताछ की। किशोर की मौत की वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चलेगी।

