काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में युवक ने बनाया वीडियो:इंस्टाग्राम पर शेयर पर लिखा-Finally meta glasses paying off, मंदिर प्रशासन जांच में जुटी

काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में युवक ने बनाया वीडियो:इंस्टाग्राम पर शेयर पर लिखा-Finally meta glasses paying off, मंदिर प्रशासन जांच में जुटी

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक युवक ने कैमरा युक्त “Meta Smart Glasses” पहनकर मंदिर के गर्भगृह में जलाभिषेक करते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कर दिया। वीडियो में युवक गर्भगृह के भीतर जलाभिषेक करता नजर आ रहा है। इसके अलावा उसने मंदिर परिसर के अंदर की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा कीं। युवक ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा- “Like and share guys! Finally meta glasses paying off!!” हालांकि, वीडियो शेयर किए जाने के कुछ घंटे बाद ही युवक ने इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से डिलीट कर दिया। अब उसके प्रोफाइल पर यह वीडियो दिखाई नहीं दे रहा है। बावजूद इसके, वीडियो और उससे जुड़े स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कड़ी चेकिंग के बावजूद कैमरा चश्मा अंदर कैसे पहुंचा? इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा जांच को लेकर उठ रहा है। काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रवेश से पहले श्रद्धालुओं की कई स्तरों पर जांच की जाती है। मंदिर में मोबाइल फोन, कैमरा और कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध है। ऐसे में कैमरा लगा स्मार्ट चश्मा पहनकर युवक मंदिर के अंदर कैसे पहुंच गया, यह जांच का प्रमुख बिंदु माना जा रहा है। Meta Smart Glasses सामान्य चश्मे की तरह दिखाई देते हैं, लेकिन इनमें कैमरा और ऑडियो रिकॉर्डिंग जैसी सुविधाएं होती हैं। ऐसे उपकरणों की पहचान पारंपरिक सुरक्षा जांच के दौरान चुनौतीपूर्ण हो सकती है। हालांकि, इस मामले में युवक गर्भगृह तक पहुंच गया और वहां जलाभिषेक के दौरान वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा करने में सफल रहा। गर्भगृह के साथ मंदिर परिसर की तस्वीरें भी साझा युवक ने सिर्फ गर्भगृह में जलाभिषेक का वीडियो ही रिकॉर्ड नहीं किया, बल्कि मंदिर परिसर के अंदर की तस्वीरें भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कीं। इससे मामला और गंभीर हो गया है, क्योंकि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में अंदरूनी गतिविधियों और प्रतिबंधित रिकॉर्डिंग को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती है। मंदिर प्रशासन ने शुरू की जांच मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन ने इसकी जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक किस तरह कैमरा युक्त चश्मे के साथ मंदिर परिसर में दाखिल हुआ और सुरक्षा जांच के दौरान यह उपकरण पकड़ में क्यों नहीं आया। साथ ही गर्भगृह में वीडियो रिकॉर्ड किए जाने की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जायेगी। फिलहाल मंदिर प्रशासन या संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। गेट पर ही पकड़ा गया था NRI इससे पहले भी पिछले साल 14 अक्तूबर को एक NRI युवक गूगल कैमरे वाला चश्मा पहनकर मंदिर में प्रवेश कर गया था। हालांकि पुलिस को शक होने पर उसे पकड़ लिया गया था। उससे घंटों पूछताछ हुई थी। जिससे बाद उसे कड़ी हिदायत देकर छोड़ दिया गया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *