कानपुर में डीसीएम ने बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचला:पिता की मौत, बेटा घायल; भतीजे की तेहरवीं में शामिल होने जा रहे थे दोनों

कानपुर में डीसीएम ने बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचला:पिता की मौत, बेटा घायल; भतीजे की तेहरवीं में शामिल होने जा रहे थे दोनों

कानपुर के घाटमपुर में भोगनीपुर-चौडगरा मार्ग पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम ने पिता को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटा घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को घाटमपुर सीएचसी में भर्ती कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। भतीजे की तेहरवीं में शामिल होने जा रहे थे घाटमपुर थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव के रहने वाले बलराम (65) शनिवार दोपहर अपने बेटे राजेंद्र (47) के साथ बाइक से गोपालपुर गांव जा रहे थे। परिजनों के मुताबिक, दोनों गोपालपुर में आयोजित भतीजे की तेहरवीं में शामिल होने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक भोगनीपुर-चौडगरा मार्ग पर नौरंगा गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता-पुत्र सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान डीसीएम बलराम के ऊपर से निकल गई। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, राजेंद्र को भी चोटें आईं। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घायल बेटे को अस्पताल पहुंचाया राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजेंद्र को घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई और घर भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि हादसे की सूचना मिली थी। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया है। परिजनों को जानकारी देकर वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *