कानपुर। विघ्नहर्ता भगवान गणेश के स्वागत के लिए औद्योगिक नगरी तैयार है। शहर के गली-मोहल्लों, बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और हाउसिंग सोसाइटियों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होकर 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी तक मनाया जाएगा। स्वरूप नगर, परेड, नवीन मार्केट, किदवई नगर, बर्रा, शिवराजपुर और बिल्हौर समेत कई क्षेत्रों में पंडाल सजाए गए हैं। कारीगर प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। बाजारों में मूर्तियों के साथ दूर्वा, मोदक, फल और पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। गणेशोत्सव के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमाओं की स्थापना होगी। शहर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भंडारों का भी आयोजन किया जाएगा।

