धमतरी नगर निगम द्वारा संचालित कांजी हाउस में एक मृत गाय मिलने और गौवंश के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने के आरोप में गौ सेवकों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। गौ सेवक कांजी हाउस के सामने धरने पर बैठ गए और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गौवंश के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। गौ सेवकों के मुताबिक, उन्होंने कांजी हाउस का निरीक्षण किया था। इस दौरान परिसर में एक गाय मृत अवस्था में मिली। इसके बाद गौ सेवकों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने कांजी हाउस के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। कीचड़ के बीच रहने का आरोप गौ सेवकों ने आरोप लगाया कि कांजी हाउस में गौवंश के लिए पर्याप्त भोजन, रहने की जगह और इलाज की व्यवस्था नहीं है। पूरे परिसर में कीचड़ फैला हुआ है, जिससे मवेशियों को बैठने तक की जगह नहीं मिल रही। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में गौवंश बीमार हो रहे हैं और उनकी मौत तक हो रही है। गौ सेवक बोले- अधिकारी खुद मौके पर आएं गौ सेवक डाकेश्वर साहू ने कहा कि नगर निगम के कांजी हाउस में गौवंश के ठहरने, चारे और इलाज की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति देखने और तत्काल सुधार कराने की मांग की। साहू ने कहा कि कांजी हाउस की हालत इतनी खराब है कि यहां गौवंश का रहना मुश्किल हो गया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि सिर्फ मंचों पर गौ माता की जय बोलने के बजाय जमीनी स्तर पर गौवंश की सुरक्षा और देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। गौ सेवकों ने चेतावनी दी कि जब तक सक्षम अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनसे बातचीत नहीं करते और मस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

