कांगड़ा शहर में एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पैसे निकालने का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप के सामने स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम में एक युवक ने पैसे निकालने में मदद करने के बहाने महिला का कार्ड बदल लिया। इसके बाद आरोपी ने महिला के बैंक खाते से 38 हजार रुपए निकाल लिए। एटीएम में हुई यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मदद के बहाने से बदला एटीएम कार्ड जानकारी के अनुसार, कांगड़ा निवासी परवीन सूद पीएनबी के एटीएम से पैसे निकालने पहुंची थीं। इसी दौरान एक युवक वहां आया और उन्हें पैसे निकालने में आ रही परेशानी दूर करने में मदद की पेशकश की। महिला ने उसकी बात पर भरोसा कर लिया। इसी का फायदा उठाकर युवक ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद वह वहां से चला गया। मटौर जाने के बाद महिला को पता चला कुछ समय बाद आरोपी ने मटौर में जाकर महिला के खाते से 38 हजार रुपए निकाल लिए। खाते से पैसे निकलने का पता चलने पर परवीन सूद को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने इस संबंध में कांगड़ा पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा सकते हैं।

