त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कपूरथला के फूड सेफ्टी विंग ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। यह कार्रवाई फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की कमिश्नर कमलप्रीत कौर बराड़, डिप्टी कमिश्नर आकाश बंसल और सिविल सर्जन डॉ. राजीव पराशर के निर्देशों पर अमल में लाई जा रही है। असिस्टेंट कमिश्नर (फूड) हरजोत पाल सिंह और फूड सेफ्टी ऑफिसर महक सैनी की टीम ने फगवाड़ा क्षेत्र में 5 खाद्य इकाइयों का निरीक्षण किया। इसमें 3 मिठाई की दुकानें और 2 बेकरी यूनिट्स शामिल थीं। जांच के दौरान परिसर की स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था, कच्चे माल की गुणवत्ता और अन्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया। गंदगी पर चालान और सुधार के नोटिस कार्रवाई के दौरान गंदगी पाए जाने पर एक प्रतिष्ठान का चालान काटा गया, जबकि मानकों में कमी मिलने पर दो इकाइयों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए। संबंधित खाद्य कारोबारियों को गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिसेज (GMP) तथा गुड हाइजीन प्रैक्टिसेज (GHP) का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए। फूड सेफ्टी विंग ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006’ के तहत कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी कमिश्नर ने भी सभी कारोबारियों से शुद्ध सामग्री का इस्तेमाल करने और स्वच्छ माहौल में खाद्य पदार्थ तैयार करने की अपील की है।

