खरीफ-2026 की फसलों का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा (MFMB) पोर्टल पर पंजीकरण करवाने से वंचित रहे किसानों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश सरकार ने किसान हित में पोर्टल को दोबारा खोलने का निर्णय लिया है। अब किसान 21 सितंबर से 27 सितंबर तक अपनी खरीफ फसलों का पंजीकरण पोर्टल पर करवा सकेंगे। हिसार जिले के बरवाला के उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) अश्वीर नैन ने बताया कि जिन किसानों की खरीफ-2026 की फसलों का पंजीकरण निर्धारित अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तक MFMB पोर्टल पर नहीं हो पाया था, वे अब इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। किसान स्वयं ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं अथवा नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर अपनी फसल का विवरण पोर्टल पर दर्ज करवा सकते हैं। फसल का विवरण सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज होगा एसडीएम अश्वीर नैन ने बताया कि किसानों के लिए फसल का MFMB पोर्टल पर पंजीकरण करवाना महत्वपूर्ण है। पंजीकरण के माध्यम से किसान की फसल का विवरण सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज होगा और उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत सरकारी खरीद में शामिल होने की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि सरकारी अथवा पंचायती भूमि पर बोई गई फसल का पंजीकरण भी MFMB पोर्टल के निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा। किसानों से समय पर पंजीकरण करवाने की अपील एसडीएम अश्वीर नैन ने किसानों से अपील की कि वे 21 से 27 सितंबर के बीच अपनी खरीफ फसलों का पंजीकरण हर हाल में करवा लें। उन्होंने कहा कि किसान स्वयं पोर्टल पर पंजीकरण करें या नजदीकी सीएससी सेंटर की सहायता लें, ताकि फसल की बिक्री के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और निर्धारित प्रक्रिया के तहत फसल बेचने की सुविधा मिल सके।

