अयोध्या में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मवई पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ रविवार सुबह एनएच-27 पर मवई चौराहा ओवरब्रिज के पास एक कार से 74 किलो 645 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई गई है। कार की सीट के नीचे बनाया था गुप्त बॉक्स पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप कार में भरकर अयोध्या के रास्ते लखनऊ ले जाई जा रही है। सूचना पर मवई पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ एनएच-27 की सर्विस लेन पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध हुंडई वरना कार वहां पहुंची। पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली तो सीट के नीचे बनाए गए गुप्त बॉक्स में गांजा छिपा मिला। वजन कराने पर कुल 74 किलो 645 ग्राम गांजा बरामद हुआ। ओडिशा से सस्ते में खरीदकर लखनऊ में बेचते थे पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पुरानी कारों में सीट के नीचे गुप्त बॉक्स बनवाते थे। इसी में गांजा छिपाकर ओडिशा से लखनऊ तक ले जाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा कम कीमत में खरीदते थे और लखनऊ व आसपास के जिलों में ऊंचे दाम पर बेचते थे। इससे उन्हें मोटा मुनाफा होता था। लखनऊ और अंबेडकरनगर के रहने वाले हैं आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण गोपाल श्रीवास्तव निवासी अस्तबल यहियागंज, थाना चौक, लखनऊ और अरविंद कुमार वर्मा निवासी बूड़नपुर मोतीघारपुर, थाना बसखारी, अंबेडकरनगर के रूप में की है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल हुंडई वरना कार भी जब्त कर ली है। मामले में मवई थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेजे गए कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आयुष यादव, उपनिरीक्षक शिवम सिंह, हेड कांस्टेबल मो. फारुक और कांस्टेबल फैशल शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

