कन्नौज में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गुरुवार दोपहर 12 बजे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने के लिए सपाइयों की भीड़ पार्टी के जिला कार्यालय में एकत्र हुए। इसके बाद कार्यकर्ताओं का हुजूम कलक्ट्रेट की ओर कूच कर गया। करीब दो किलोमीटर तक निकाले गए पैदल जुलूस के दौरान सपाइयों ने मुख्य चुनाव आयुक्त और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में 10 बजे से ही कार्यकर्ताओं के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया था। देखते ही देखते पार्टी कार्यालय पर भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। हाथों में पार्टी का झंडा लेकर निकले सपाइयों ने रास्ते भर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। जुलूस के जिला मुख्यालय की ओर बढ़ने के साथ ही प्रशासन और पुलिस महकमा भी सतर्क हो गया।
सपाइयों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी थी। जिले की तीनों तहसीलों के एसडीएम और तीनों सर्किल के सीओ को मुस्तैद किया गया। इसके अलावा दो ट्रक पीएसी समेत भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस अधिकारी ड्रोन के जरिए जुलूस की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे, ताकि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी होती रही।

