धनंजय डी सिल्वा ने छोड़ी श्रीलंका की टेस्ट कप्तानी:18 टेस्ट में 7 जीत दिलाईं, कुसल मेंडिस नए कप्तान होंगे

धनंजय डी सिल्वा ने छोड़ी श्रीलंका की टेस्ट कप्तानी:18 टेस्ट में 7 जीत दिलाईं, कुसल मेंडिस नए कप्तान होंगे

श्रीलंका के धनंजय डी सिल्वा ने टेस्ट कप्तानी छोड़ दी है। 35 साल के धनंजय ने गुरुवार को श्रीलंका क्रिकेट की चयन समिति को पत्र भेजकर अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब टीम की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपने का समय है। धनंजय के कप्तानी छोड़ने के कुछ ही घंटे बाद श्रीलंका क्रिकेट ने कुसल मेंडिस को नया टेस्ट कप्तान बना दिया। धनंजय ने जनवरी 2024 में दिमुथ करुणारत्ने की जगह श्रीलंका की टेस्ट कप्तानी संभाली थी। उन्होंने 2024 से 2026 के बीच 18 टेस्ट में टीम की कप्तानी की, जिसमें श्रीलंका ने 7 मैच जीते, 8 हारे और 3 मुकाबले ड्रॉ रहे। कप्तान के तौर पर उन्होंने 36.45 की औसत से 1,130 रन बनाए और 9 विकेट भी लिए। बतौर कप्तान भारत के खिलाफ खेला था आखिरी टेस्ट धनंजय ने श्रीलंका के लिए अपना आखिरी टेस्ट बतौर कप्तान भारत के खिलाफ खेला था। 23 से 27 अगस्त तक खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने 8 और 23 रन बनाए थे। कुल टेस्ट करियर की बात करें तो धनंजय ने 69 टेस्ट में 4,400 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके नाम 13 टेस्ट शतक भी हैं। मेंडिस संभालेंगे टेस्ट टीम मेंडिस पहले से ही श्रीलंका की वनडे और टी-20 टीमों की कप्तानी कर रहे हैं। अब वह पहली बार टेस्ट फॉर्मेट में भी टीम की अगुआई करेंगे। मेंडिस ने अब तक 75 टेस्ट, 159 वनडे और 109 टी-20 इंटरनेशनल खेले हैं। वह 22 वनडे में श्रीलंका की कप्तानी कर चुके हैं। उनकी टी-20 कप्तानी की शुरुआत जून 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज से हुई थी। पाकिस्तान के खिलाफ पहला टेस्ट असाइनमेंट कुसल मेंडिस का टेस्ट कप्तान के तौर पर पहला असाइनमेंट पाकिस्तान के खिलाफ होगा। श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच 2 टेस्ट की सीरीज 9 नवंबर से शुरू होगी। यह सीरीज मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल का हिस्सा है, इसलिए मेंडिस के लिए बतौर टेस्ट कप्तान पहली चुनौती काफी महत्वपूर्ण होगी। इससे पहले वह पाकिस्तान के खिलाफ 9 अक्टूबर से शुरू होने वाली 3 टी-20 मैचों की सीरीज में भी श्रीलंका की कप्तानी करेंगे। —————————————————- टेस्ट क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… 12 टीमों की हो सकती है अगला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप; जिम्बाब्वे, आयरलैंड और अफगानिस्तान की एंट्री वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC का अगला साइकल मौजूदा 9 टीमों के बजाय 12 का हो सकता है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने संकेत दिए हैं कि 2029-31 के WTC में जिम्बाब्वे, आयरलैंड और अफगानिस्तान को शामिल करने की तैयारी है। पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *