कनाडा में नमकीन खाते समय करनाल के युवक की मौत:गर्भवती पत्नी के साथ सैर पर निकला था 27 वर्षीय रजत, अचानक बिगड़ी तबीयत, हार्ट फेल्योर बताया मौत का कारण

कनाडा में नमकीन खाते समय करनाल के युवक की मौत:गर्भवती पत्नी के साथ सैर पर निकला था 27 वर्षीय रजत, अचानक बिगड़ी तबीयत, हार्ट फेल्योर बताया मौत का कारण

कनाडा के ब्रैम्पटन, ओंटारियो में करनाल के गांव नरूखेड़ी के युवक की अचानक मौत हो गई। वह अपनी गर्भवती पत्नी के साथ सैर करने निकला था। दोनों ने रास्ते में एक दुकान से नमकीन खरीदी और खाने के कुछ देर बाद युवक की तबीयत बिगड़ गई। आसपास के लोगों की मदद से पत्नी उसे अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण हार्ट फेल्योर बताया गया है। घटना की सूचना कनाडा में रह रही रजत की चचेरी बहन ने नरूखेड़ी में परिवार को दी, जिसके बाद घर में मातम छा गया। सैर पर निकले थे दंपति
18 अगस्त की शाम दोनों रोजाना की तरह सैर पर निकले थे। इस दौरान नमकीन खाने का मन हुआ तो एक दुकान से नमकीन ली। रजत ने जैसे ही नमकीन खाई, अचानक उसकी तबीयत खराब होने लगी। पत्नी घबरा गई। उसकी हालत बिगड़ती देखकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दिलबाग के अनुसार, अस्पताल पहुंचने तक रजत का शरीर नीला पड़ चुका था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शादी के दो महीने बाद पत्नी को ले गया था कनाडा
परिजन दिलबाग ने बताया कि रजत वर्ष 2017-18 में पढ़ाई के लिए वीजा पर कनाडा गया था। वहां वह प्लंबर का काम भी करता था और अब स्थायी निवासी बन चुका था। रजत की शादी 4 जनवरी 2025 को पानीपत मॉडल टउन निवासी
अक्षिता के साथ हुई थी। शादी के करीब दो महीने बाद ही वह पत्नी को लेकर कनाडा चला गया था। अक्षिता सात महीने की गर्भवती है। एक दिन पहले मां से हुई थी बात
रजत की चचेरी बहन अंशुल भी कनाडा में रहती है। उसने फोन कर परिवार को घटना की जानकारी दी। परिजनों के अनुसार, रजत ने मौत से एक दिन पहले ही अपनी मां सुनीता से फोन पर बात की थी। उसने परिवार को बताया था कि सब ठीक-ठाक है। अचानक उसकी मौत की खबर आने से माता-पिता गुरमेल और सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। रजत का भाई पम्मी भी वर्ष 2017-18 में अमेरिका गया था और वहां काम करता है। मौत की सूचना मिलने के बाद वह अपने साथियों के साथ अमेरिका से कनाडा पहुंचा है। परिवार ने अब रजत का शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। माता-पिता भी जाने वाले थे कनाडा
परिजनों ने बताया कि अक्षिता सात महीने की गर्भवती होने के कारण रजत के माता-पिता को भी कनाडा जाना था, ताकि वे उसकी देखभाल में साथ रह सकें। दोनों के पासपोर्ट नवीनीकरण के लिए गए हुए थे। पासपोर्ट मिलते ही उन्हें कनाडा रवाना होना था, लेकिन इससे पहले ही रजत की मौत हो गई। परिवार के लोग अब शव भारत लाने की तैयारी में जुटे हैं और इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *