छतरपुर शहर के असाटी मोहल्ले से नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में नगरपालिका कर्मचारी घरों से कचरा उठाने वाले वाहन में मृत गाय का शव ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक कचरा वाहन दिखाई दे रहा है। इसी वाहन में मृत गाय का शव रखा गया है। इस वाहन का इस्तेमाल आमतौर पर घरों से सूखा और गीला कचरा उठाने के लिए किया जाता है। वीडियो सामने आने के बाद मृत पशुओं के शवों के निस्तारण की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अलग वाहन होने के बावजूद कचरा वाहन का इस्तेमाल
मोहल्लेवासियों का कहना है कि नगरपालिका के पास मृत पशुओं के शव उठाने के लिए अलग वाहन की व्यवस्था है। इसके बावजूद कचरा वाहन में मृत गाय को ले जाना लापरवाही है। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। निस्तारण की व्यवस्था पर भी सवाल
स्थानीय लोगों ने कहा कि मृत पशुओं के शवों के निस्तारण के लिए तय व्यवस्था का पालन होना चाहिए। उन्होंने नगरपालिका से पूछा कि आखिर किन परिस्थितियों में गाय के शव को कचरा वाहन में ले जाया गया। लोगों ने पूरे मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की जांच की मांग की है। CMO से संपर्क का प्रयास, नहीं हो सकी बात
मामले में नगरपालिका की CMO माधुरी शर्मा से पक्ष जानने के लिए फोन पर तीन से चार बार संपर्क करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। ऐसे में नगरपालिका या किसी जिम्मेदार अधिकारी का पक्ष सामने नहीं आ सका।

