भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर में बेखौफ चोरों का बोलबाला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में शहर के एक एटीएम के बाहर खड़ी स्कूटी में से बुलेट सवार एक युवक पर्स चोरी करके रफूचक्कर हो गया। यह पूरी वारदात एटीएम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार एटीएम में पैसे जमा करवाने के लिए आया था। जब परिवार के सदस्य एटीएम के अंदर पैसे जमा करवा रहे थे, तभी बाहर खड़ी उनकी स्कूटी में से आरोपी पर्स उठाकर फरार हो गया। सीसीटीवी तस्वीरों में बुलेट सवार युवक को एक्टिवा के पास आकर पर्स उठाकर मौके से भागते हुए साफ देखा जा सकता है। पीड़ित युवक ने बताया कि चोरी हुए पर्स में नकदी के अलावा उसकी पत्नी का सोने का मंगलसूत्र और कई अन्य जरूरी दस्तावेज भी थे। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द काबू कर उन्हें इंसाफ दिलाया जाए। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने में जुटी है।

