एटा में विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दी:पति से खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ, 5 साल पहले हुई थी शादी

एटा में विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दी:पति से खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ, 5 साल पहले हुई थी शादी

एटा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बारथर गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता ने पति से विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों ने पंखे पर शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ सिटी कृतिका सिंह ने भी मौके का जायजा लिया। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड की टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जमा किए। मृतका की पहचान नीतू पत्नी सुगंध (25 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नीतू का अपने पति से खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया था। इसी बात से नाराज होकर उसने घर के अंदर कमरे में पंखे से लटककर फांसी लगा ली। नीतू का विवाह सुगंध के साथ 5 वर्ष पहले हिंदू रीति-रिवाज के तहत हुआ था। सुगंध मजदूरी करता है। मृतका का एक 2 वर्ष का बेटा भी है। मृतका के पति सुगंध ने बताया कि वह रविवार देर रात नोएडा से लौटा था। उसने अपनी पत्नी से खाना बनाने के लिए कहा था, जिस पर नीतू ने कहा कि वह खुद बना ले और खा ले। सुगंध अपने कमरे में जाकर लेट गया। सुगंध ने बताया कि बाद में नीतू उसके पास आई और बोली कि वह सो रहा है। उसने खुद ही खाना बनाकर खा लिया था। नीतू उससे कह रही थी कि वह मरकर दिखाएगी। सुगंध के अनुसार, नीतू ने आज सुबह करीब 10 बजे कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले पर थाना प्रभारी कोतवाली देहात केके लोधी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस आगे की जांच-पड़ताल कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *