दतिया में झाड़ियों में मिला शव, हाथ-पैर बंधे थे:शराब पार्टी में बुलाकर युवक को मारने का आरोप, 8 आरोपियों पर केस

दतिया में झाड़ियों में मिला शव, हाथ-पैर बंधे थे:शराब पार्टी में बुलाकर युवक को मारने का आरोप, 8 आरोपियों पर केस

दतिया के गोराघाट थाना अंतर्गत गांव गढ़ी में रविवार शाम से लापता हुए 27 वर्षीय युवक का शव सोमवार सुबह गांव के माता मंदिर के पीछे झाड़ियों में मिला। युवक के हाथ-पैर बंधे थे। शरीर पर मारपीट के निशान मिले। परिजनों ने आठ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मानसिंह रावत पिता मैथिली रावत निवासी ग्राम गढ़ी के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी करता था और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। परिजनों के मुताबिक, मानसिंह रविवार शाम घर से निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं आया। सोमवार सुबह करीब 8 बजे उसका भाई दीपक रावत माता मंदिर के पीछे पहुंचा, जहां झाड़ियों में मानसिंह का शव पड़ा मिला। शराब पार्टी में बुलाकर हत्या का आरोप
मृतक के भाई दीपक ने आरोप लगाया कि वीर सिंह रावत, उदयभान रावत, अंकित रावत, मरदन रावत, राहुल रावत, विक्रम रावत, बबलू रावत और रामेश्वर रावत ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। दीपक का आरोप है कि आरोपियों ने पहले मानसिंह को शराब पार्टी में बुलाकर शराब पिलाई और इसके बाद उसके साथ मारपीट कर हत्या कर दी। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले आरोपियों ने धमकी भी दी थी। 2002 के पुराने केस से जोड़ा विवाद
मृतक के भाई दीपक ने आगे बताया कि आरोपियों के परिवार से उनका पुराना विवाद चला आ रहा है। उसका आरोप है कि वर्ष 2002 में भी आरोपियों के परिजनों ने उनके दादा की हत्या की थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते मानसिंह को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया गया है। एसडीओपी विनायक शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *