एक हादसा, एक आंदोलन और ताकतवर राष्ट्रपति को माननी पड़ी हार, छात्रों ने सर्बिया में बदल दी देश की सियासत

एक हादसा, एक आंदोलन और ताकतवर राष्ट्रपति को माननी पड़ी हार, छात्रों ने सर्बिया में बदल दी देश की सियासत

Serbia Election Vucic Defeated: सर्बिया की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। देश की सत्ता पर लंबे समय से काबिज ताकतवर नेता अलेक्सांद्र वुचिच ने राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने घोषणा की कि विपक्षी स्टूडेंट लिस्ट ने संसद में पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। अलेक्सांद्र ने शुरुआती नतीजों के बाद राष्ट्र को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ दल की हार को स्वीकार किया है।

अलेक्सांद्र वुचिच ने कहा कि स्तरीकृत नमूने के आधार पर यह स्पष्ट है कि हम चुनाव हार गए हैं। उन्होंने माना कि विपक्षी आंदोलन को निर्णायक जीत मिली है। संसद में संभावित सीट वितरण की जानकारी देते हुए वुचिच ने अनुमान जताया कि स्टूडेंट लिस्ट आसानी से अगली सरकार बना लेगी।

सर्बियन प्रोग्रेसिव पार्टी (SNS) सत्ता बरकरार रखने से चूक गई: वुचिच

उन्होंने कहा कि स्टूडेंट लिस्ट जीत गई है और उसे 135 से 140 के बीच सीटें मिलेंगी, जबकि हमारे पास लगभग 105 सीटें होंगी। उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी सर्बियन प्रोग्रेसिव पार्टी (SNS) सत्ता बरकरार रखने से चूक गई है। वुचिच ने कहा कि संसद में प्रतिनिधित्व मुख्य रूप से इन्हीं दो प्रमुख गुटों व अल्पसंख्यक दलों तक सीमित रहेगा। उन्होंने आगे बताया कि इनके अलावा कोई और संसद नहीं पहुंचा है। जानकारी सामने आई है कि वोज्वोदिना हंगेरियन गठबंधन (SVM) ने तीन सीटें जीती हैं। अल्बानियाई दलों ने एक और SDA को भी एक सीट मिली है।

स्टूडेंट लिस्ट को लगभग 22 लाख वोट मिले, सत्तारूढ़ सर्बियन प्रोग्रेसिव पार्टी को करीब 17.2 लाख वोट मिले

यूरोन्यूज़ के मुताबिक, मतगणना में स्टूडेंट लिस्ट को लगभग 22 लाख वोट मिले, जो 52 प्रतिशत मत हिस्सेदारी के बराबर है। सत्तारूढ़ सर्बियन प्रोग्रेसिव पार्टी को करीब 17.2 लाख वोट मिले, जो कुल डाले गए मतों का 32.3 प्रतिशत है। अमेरिकी चैनल सीएनएन के अनुसार, कड़े मुकाबले वाले इस संसदीय चुनाव में भारी मतदान और बढ़ते तनाव देखने को मिले। जिसमें राष्ट्रपति अलेक्सांद्र वुचिच और उनकी दक्षिणपंथी सर्बियन प्रोग्रेसिव पार्टी का सामना छात्र-नेतृत्व वाले समूहों से था। व्यापक जनसमर्थन हासिल कर चुके ये छात्र सरकार पर भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते रहे हैं।

सर्बिया के नतीजों पर EU अध्यक्ष लेयेन का बयान

नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने स्टूडेंट लिस्ट को जीत की बधाई दी और कहा कि वे यूरोपीय संघ में सर्बिया के भविष्य को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने को तैयार हैं। EU की अध्यक्ष उर्सुला ने एक्स पर लिखा कि आज सर्बिया के लोग रिकॉर्ड संख्या में अपने देश का भविष्य तय करने के लिए मतदान करने निकले। संसदीय चुनाव में जीत के लिए स्टूडेंट लिस्ट को बधाई। हम कानून के शासन, मीडिया की स्वतंत्रता, भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई और मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सुधारों में सहयोग के लिए तैयार हैं, और यूरोपीय संघ में सर्बिया के भविष्य को आगे बढ़ाने के लिए साथ काम करने को भी।

सर्बिया के छात्रों ने 14 साल से काबिज अलेक्सांद्र वुचिच को कैसे सत्ता से हटाया?

दरअसल, 1 नवंबर 2024 को र्बिया के दूसरे सबसे बड़े शहर नोवी साद के रेलवे स्टेशन के बाहर कंक्रीट की छत गिर गई और 16 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे को देश में फैले भ्रष्टाचार का प्रतीक माना गया। आलोचकों ने स्टेशन के खराब नवीनीकरण का संबंध राष्ट्रपति से जोड़ा, जो इस परियोजना से खुद को करीब से जोड़ते रहे थे।

थिंक टैंक हेनरी जैक्सन सोसाइटी की हेलेना इवानोव ने बीबीसी से बातचीत में बताया कि छत गिरना वुचिचि की सरकार के ताबूत में ठोकी गई आखिर कील साबित हुई। यह भावनात्मक पल एक चिंगारी बन गया और इसके बाद मार्च व कार्यक्रमों का राष्ट्रव्यापी अभियान चला। इसने सर्बियाई लोगों के दिल जीत लिए, जो कोई विपक्षी पार्टी अब तक नहीं कर पाई थी।

विश्वविद्यालय परिसरों और शहरों की सड़कों पर न्याय की मांग को लेकर शुरू हुए साप्ताहिक छात्र प्रदर्शन जल्द ही राष्ट्रीय आंदोलन बन गए। यह आंदोलन अक्सर स्थानीय स्तर पर चला और इसमें किसान, अभिनेता और न्यायाधीश समेत समाज के कई वर्ग शामिल हुए। इस आंदोलन से वुचिचि की पार्टी SNS के पैर जमीन से हिलने लगे। जनवरी 2025 में पीएम ने पद से इस्तीफा दिया। मार्च 2025 में बेलग्रेड में सर्बिया का अब तक का सबसे बड़ा सरकार-विरोधी प्रदर्शन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *