उदयपुर के वैज्ञानिक डॉ. महिपाल सिंह सांखला ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शोध उपलब्धियों से उदयपुर और राजस्थान का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है। उनका नाम शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की लिस्ट में शामिल हुआ है। हिरणमगरी सेक्टर-14 निवासी डॉ. सांखला को लगातार दूसरी बार विश्व के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की लिस्ट में स्थान मिला है। यह लिस्ट स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर ने संयुक्त रूप से जारी की है। डॉ. महिपाल सिंह सांखला वर्तमान में के.आर. मंगलम यूनिवर्सिटी, गुरुग्राम के फॉरेंसिक साइंस विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उनका शोध कार्य मुख्य रूप से फॉरेंसिक साइंस, पर्यावरणीय फॉरेंसिक्स, पर्यावरणीय विषविज्ञान, नैनो टेक्नोलॉजी और पर्यावरण प्रदूषण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केंद्रित है। डॉ. सांखला ने अब तक 200 से ज्यादा शोध-पत्र प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरर्राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित किए हैं। इसके साथ ही उनके नाम 100 से अधिक पेटेंट दर्ज हैं तथा 20 से अधिक पुस्तकें एवं पुस्तक-अध्याय भी प्रकाशित हो चुके हैं।

