पानीपत के इसराना में पानी निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। लोगों ने अपनी दुकानों के आगे नाले पर अवैध कब्जे कर रखे थे, जिससे पानी निकासी रुक गई थी। इन कब्जों के कारण गांव की मुख्य सड़क पर भीड़ बढ़ गई थी। ग्रामीणों ने बार-बार पंचायत से अनुरोध किया कि पानी निकासी के लिए नाले और सड़क से अवैध कब्जे हटाकर रास्ता साफ किया जाए। पंचायत ने ग्रामीणों के अनुरोध पर यह मामला उच्च अधिकारियों के पास भेजा। पंचायत ने जेसीबी से हटवाया अवैध कब्जा आदेश मिलने के बाद आज पंचायत ने जेसीबी मशीन से अवैध कब्जे हटाकर रास्ता साफ किया। गांव के सरपंच राजेश जागलान ने बताया कि ग्रामीणों के बार-बार अनुरोध और रास्ते के तंग होने के कारण यह कार्रवाई की गई है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस रही मौजूद ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुशील रोहिल्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन से कार्रवाई शुरू की। अवैध कब्जे हटाने के दौरान कुछ दुकानदारों ने हल्का विरोध भी किया। उन्होंने सरपंच से कहा कि यह गलत कार्रवाई है। दुकानदारों ने पंचायत पर लगाया भेदभाव का आरोप दुकानदारों ने मांग की कि गली के नुक्कड़ से पैमाइश की जाए और जिसका भी मकान गली के अंदर या नाले पर बना हो, उसे हटाया जाए। उन्होंने पंचायत पर भेदभाव करने का भी आरोप लगाया। हालांकि, प्रशासन ने अपना काम जारी रखा और दुकानों के आगे बने अवैध कब्जों को हटा दिया। इस दौरान महिला पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुशील रोहिल्ला ने बताया कि पंचायत की शिकायत पर प्रशासन ने पानी निकासी और गांव के आने-जाने के रास्ते से अवैध कब्जे हटाए हैं।

