आणंद की पातोलपुरा तालाबड़ी के पास पानी के तेज बहाव में बही सड़क

आणंद की पातोलपुरा तालाबड़ी के पास पानी के तेज बहाव में बही सड़क

31 जुलाई को हुई भारी बारिश के कारण आवागमन का मुख्य रास्ता बंद होने से 200 परिवार परेशान

आणंद. शहर में गत 31 जुलाई को हुई भारी बारिश के कारण वघासी रोड पर पातोलपुरा तालाबड़ी के पास सोसाइटी में जाने वाला मुख्य मार्ग पानी के तेज बहाव में बहने के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर बड़ा गड्ढा और खाई बनने से 200 से अधिक परिवारों के लिए आवागमन का रास्ता बंद हो गया। इस समस्या के कारण स्थानीय निवासी परेशानी का सामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में ग्राम पंचायत और कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
सड़क बहने और बड़ा गड्ढा व खाई होने के कारण शक्ति दर्शन और हरिपूजन सोसाइटी में रहने वाले 200 से अधिक परिवारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। सोसाइटी और वघासी-आणंद मुख्य मार्ग के बीच बड़ी खाई बन गई।
वघासी ग्राम पंचायत की ओर से मिट्टी भरकर अस्थायी रूप से पैदल चलने योग्य रास्ता बनाया गया था, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा हो सके। इसके बाद दोबारा हुई भारी बारिश में यह रास्ता भी बह गया और वहां फिर से बड़ी खाई बन गई। इस कारण वाहनों के साथ-साथ पैदल आवागमन भी पूरी तरह बंद हो गया।
इस स्थिति के कारण सोसाइटी के निवासी, विद्यार्थी, किसान, नौकरीपेशा लोग और मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ समय पहले इस खतरनाक रास्ते से आवागमन करते समय एक महिला गिर गई, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।
सोसाइटी में स्कूल बस अथवा अन्य वाहन भी नहीं पहुंच पा रहे। ऐसे में अभिभावकों को अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए पैदल मुख्य सड़क तक लाना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का यह भी आरोप है कि आसपास की अन्य सोसाइटियों के निजी रास्तों से उन्हें आवागमन करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इससे समस्या और गंभीर हो गई है। इस मामले में सांसद और विधायक ने भी मार्ग एवं भवन विभाग तथा जिला पंचायत से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

ग्राम पंचायत ने सांसद और विधायक से मांगी ग्रांट

वहीं, वघासी गांव की तलाटी मीना परमार ने बताया कि जिस समय यह रास्ता बनाया गया था, उस समय सोसाइटी के बिल्डर द्वारा अपने खर्च पर इसका निर्माण कराया गया था। वर्तमान में इस स्थान पर अंडरब्रिज बनाने का अनुमानित खर्च 50 लाख रुपए से अधिक हो सकता है। ग्राम पंचायत इस कार्य के लिए पर्याप्त रूप से सक्षम नहीं है। इसलिए ग्राम पंचायत की ओर से सांसद और विधायक को पत्र लिखकर अंडरब्रिज के निर्माण के लिए आवश्यक ग्रांट उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *